मथुरा का राजा कंस बड़ा अत्याचारी था। अपनी बहन देवकी का विवाह वसुदेव से होने के बाद जब कंस स्वयं रथ हाँककर उन्हें विदा कर रहा था, तभी आकाशवाणी हुई: “हे कंस, जिस बहन को तू इतने प्रेम से विदा कर रहा है, उसकी आठवीं संतान ही तेरा काल बनेगी।” यह सुनते ही कंस ने देवकी और वसुदेव को कारागार में डाल दिया।
कंस ने देवकी की छह संतानों को एक-एक करके मार डाला। सातवें गर्भ को योगमाया ने वसुदेव की दूसरी पत्नी रोहिणी के गर्भ में स्थापित कर दिया, जिससे बलराम का जन्म हुआ। फिर भादों कृष्ण अष्टमी की आधी रात को, अँधेरी बरसाती रात में, कारागार में ही भगवान विष्णु श्रीकृष्ण के रूप में प्रकट हुए।
जन्म होते ही चमत्कार हुआ — वसुदेव की बेड़ियाँ टूट गईं, कारागार के द्वार खुल गए और पहरेदार गहरी नींद में सो गए। वसुदेव बालकृष्ण को टोकरी में रखकर यमुना पार करने निकल पड़े। यमुना में भारी बाढ़ थी, पर बाल-प्रभु के चरण छूते ही जल उतर गया और शेषनाग ने अपना फन फैलाकर वर्षा से उनकी रक्षा की।
गोकुल में नंदबाबा के घर उसी रात यशोदा ने एक कन्या को जन्म दिया था। वसुदेव बालकृष्ण को यशोदा के पास सुलाकर उस कन्या को साथ लेकर कारागार लौट आए। जब कंस ने उस कन्या को मारने के लिए उठाया, तो वह उसके हाथ से छूटकर आकाश में देवी के रूप में प्रकट हुई और बोली: “तुझे मारने वाला तो जन्म ले चुका है!” यही दिन आज जन्माष्टमी के रूप में मनाया जाता है।